जयपुर

राजे के शक्ति प्रदर्शन पर प्रदेश संगठन ने दिया संदेश, जयपुर शहर-जिला प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की घोषणा

जयपुर। राजस्थान भाजपा में चल रहे घमासान का अंत होता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को भाजपा में दंगल होगा, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर केशोरायपाटन में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपना जन्मदिवस मनाएंगी और उनके करीबी नेता कह चुके हैं कि यह शक्तिप्रदर्शन होगा, जिसमें 1 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटेगी। ऐसे में राजे गुट को संदेश देने के लिए प्रदेश भाजपा संगठन ने भी एक दिन पूर्व ही जयपुर शहर भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की घोषणा कर प्रदेश संगठन ने राजे गुट को यह संदेश दिया है कि उनके मुकाबले के लिए संगठन भी तैयार है। अभी जयपुर के प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की घोषणा की गई है, जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में भी पदाधिकारियों की घोषण कर संगठन को मजबूत कर दिया जाएगा। राजे गुट प्रदेश संगठन को कमजोर समझने की भूल न करे, उनकी दबाव की राजनीति अब नहीं चल पाएगी।

कहा जा रहा है कि जयपुर में प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की जो घोषणा की गई है, उसमें राजे गुट से जुड़े लोगों को दूर रखा गया है। पूर्व में प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की घोषणा एकसाथ नहीं की जाती थी। समय-समय पर एक-दो प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाती थी, लेकिन इस बार राजे गुट को संदेश देने के लिए संगठन ने जयपुर शहर-जिले के 18 प्रकोष्ठों के संयोजकों और सह संयोजकों की एक साथ घोषणा की है।

जन्मदिन पर होगा शक्ति प्रदर्शन
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का मंगलवार को हाड़ौती संभाग के केशोरायपाटन में मनाया जाने वाला जन्मदिन शक्ति प्रदर्शन के रूप में नजर आएगा, जिसकी तैयारी एक पखवाड़े जोर शोर से चल रही है। राजे को प्रदेश भाजपा का सीएम चेहरा प्रोजेक्ट करवाने के लिए उनके समर्थित गुट के 1 दर्जन से अधिक नेता सक्रिय हैं।

राजे के जन्मदिन के दिन पर शक्ति प्रदर्शन की तैयारियों को सोमवार को अंतिम रूप दिया गया। राजे समर्थित सांसद और विधायक भी इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। इनमें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, सांसद व राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह, पूर्व मंत्री यूनुस खान, बाबूलाल वर्मा, श्रीचंद कृपलानी, राजपाल सिंह शेखावत, भवानी सिंह राजावत, पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, देवस्थान बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एसडी शर्मा, समस्या निवारण समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण पाटीदार सहित कई वरिष्ठ नेता आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय नजऱ आ रहे हैं।

राजे के जन्मदिन के मौके पर उन्हें केशोरायपाटन में आकर बधाई देने वालों में पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ, चंद्रकांता मेघवाल, कल्पना देवी, प्रताप सिंह सिंघवी, टोंक-सवाईमाधोपुर से सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता, कैलाश वर्मा, सुरेन्द्र पारीक सहित दो दर्जन से अधिक कई वरिष्ठ नेताओं के आने का कार्यक्रम बना रखा है।

राजे जन्मदिन की शुरुआत में सबसे पहले केशोराय भगवान् के मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। उसके बाद मंदिर के नजदीक मेला मैदान में मंच पर आगमन, स्वागत-अभिनंदन होगा। इसके बाद राजे उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी और उनका आभार व्यक्त करेंगी।

Related posts

जयपुर (Jaipur) के एसएमएस (SMS) में 2 और सैटेलाइट (Satellite) हॉस्पिटल में लगे 1 ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र (Oxygen Generation Plants) से उत्पादन (Production) शुरू

admin

डीआईजी के नाम पर मांगी 10 लाख की रिश्वत, गिरफ्तार

admin

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं भी स्थगित

admin