खेलजयपुर

राजस्थानः अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस यानी 23 जून 2023 से शुरू होंगे राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेल

23 जून 2023 से राजस्थान भर में राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का शुभारम्भ होगा। यह जानकारी राज्य के खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना ने मंगलवार, 25 अप्रेल को यहां शासन सचिवालय में ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के रजिस्ट्रेशन के लिए वेब पोर्टल का शुभारम्भ किया। राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने के लिए आज से ही सामूहिक तथा व्यक्तिगत श्रेणियों में पंजीकरण कराया जा सकेगा।
चांदना ने बताया कि पिछले वर्ष ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के लिए 40 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया था जबकि इस वर्ष शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के लिए 130 करोड़ का बजट रखा गया है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक दिवस (23 जून) से खेलों का शुभारम्भ होगा जबकि अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) को इन खेलों का समापन होगा। शहरी ओलम्पिक खेलों में तीन स्तरों पर एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में चार स्तरों पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहरी ओलम्पिक के लिए गत दिनों हुई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान लगभग 9.50 लाख लोगों ने अपना पंजीकरण करवाया था। लोगों के उत्साह को देखते हुए शहरी ओलम्पिक के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पुनः शुरू की जाएगी।
चांदना ने कहा कि पिछले वर्ष हुए ग्रामीण ओलम्पिक खेल युवाओं के साथ ही सभी आयु वर्ग में लोकप्रिय रहे। पिछले वर्ष ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में लगभग 30 लाख लोगों ने भागीदारी की थी जबकि इस वर्ष यह संख्या दोगुनी तक होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों का ही परिणाम है कि खेलो इंडिया प्रतियोगिता में राजस्थान के खिलाड़ियों ने 48 पदक जीते जो पिछले वर्षों के मुकाबले करीब 4 गुना हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान इन खेलों में अपना प्रदर्शन लगातार सुधारते हुए देश में चौथे स्थान पर पहुंच गया है और आगामी समय में प्रदेश अव्वल होगा। चांदना ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों की नर्सरी है जिससे प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो रहा है।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि हर उम्र के व्यक्ति को राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी इसके लिए रजिस्ट्रेशन करेंगे। साथ ही, उन्होंने समाज के प्रतिष्ठित लोगों एवं आमजन से भी अधिकाधिक संख्या में रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की।
खेल विभाग के शासन सचिव नरेश कुमार ठकराल ने बताया कि इस वर्ष दोनों प्रतियोगिताओं में 7-7 प्रकार के खेल आयोजित होंगे। राजीव गांधी शहरी ओलम्पिक खेलों में कबड्डी (बालक एवं बालिका वर्ग), टेनिस बॉल क्रिकेट (बालक एवं बालिका वर्ग), खो-खो (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक एवं बालिका वर्ग), रेस (100 मी. 200 मी. एवं 400 मी.) (बालक एवं बालिका वर्ग), फुटबॉल (बालक एवं बालिका वर्ग) एवं बॉस्केटबॉल (बालक एवं बालिका वर्ग) खेलों की स्पर्द्धाएं होंगी।
इसी प्रकार राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में कबड्डी (बालक एवं बालिका वर्ग), टेनिस बॉल क्रिकेट (बालक एवं बालिका वर्ग), खो-खो (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक एवं बालिका वर्ग), रस्साकस्सी (बालिका वर्ग), फुटबॉल (बालक एवं बालिका वर्ग) एवं शूटिंग वॉलीबॉल (बालक वर्ग) खेलों की स्पर्द्धाएं होंगी। उन्होंने बताया कि https://rajolympic.rajasthan.gov.in/ पर जाकर ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।

Related posts

अब राजस्थान के डीजीपी कर सकेंगे 5 लाख रुपए तक इनाम की घोषणा

Clearnews

इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत जैसलमेर में तीन जल वितरण समितियों का गठन

admin

सरस राष्ट्रीय क्राफ्ट मेला जयपुर के रामलीला मैदान में 10 मार्च से शुरू

admin