जयपुर

गांधी सर्किल पर धरना देकर भाजपा ने मुख्यमंत्री गहलोत को दिलाई सत्य और अहिंसा की याद

जयपुर। रीट पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजयुमो के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने बुधवार को गांधी सर्किल पर धरना देकर विरोध जताया। धरने के लिए भाजपा ने गांधी सर्किल का स्थान इसलिए चुना, क्योंकि मुख्यमंत्री गहलोत पिछले कुछ समय से सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों की बात कर रहे हैं। गांधी सर्किल पर प्रदर्शन कर भाजना ने गहलोत को संदेश दिया है कि वह सत्य के मार्ग पर रहें और प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग कराके हिंसा का रास्ता नहीं अपनाएं।

जयपुर शहर भाजपा की ओर से गांधी सर्किल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही रीट मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई। भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष राघव शर्मा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में युवाओं पर प्रदेश सरकार सरकार के निर्देश पर पुलिस लाठीचार्ज के आरोप लगाते हुए विरोध किया गया। भाजपा के बड़े नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने रीट एग्जाम में धांधली की है। लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। मामले के तार राजीव गांधी स्टडी सर्किल से जुड़ने के बाद भाजपा इस मुद्दे पर आक्रामक है।

जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष राघव शर्मा ने कहा कि रीट की परीक्षा में हुई धांधली को लेकर युवा मोर्चा ने मंगलवार को सीएम हाउस का घेराव रखा था। जिसमें पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बरता के साथ लाठियां बरसाईं। घटना में कई कार्यकर्ता गंभीर घायल हुए। इसके विरोध में गांधी सर्किल पर धरना प्रदर्शन किया गया है। शर्मा ने कहा भाजपा तब तक न्याय की मांग करती रहेगी, जब तक कांग्रेस सरकार रीट परीक्षा में हुई धांधली की सीबीआई जांच के लिए मान नहीं जाती। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार सीबीआई जांच के लिए तैयार नहीं होती है, तो पूरे प्रदेश में युवाओं को न्याय दिलाने के लिए बड़े स्तर पर आंदोलन किए जाएंगें।

प्रदर्शन में भाजपा जयपुर शहर और जिले के नेता, अलग-अलग मोर्चों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षद और मंडल स्तर के नेता शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को रीट पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के नेतृत्व में युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच कर रहे थे। बैरिकेड्स तोड़ने पर पुलिस ने मोर्चा कार्यकर्ताओं को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और लाठीचार्ज किया था।

Related posts

महाराणा प्रताप पर गलत तथ्य तुरंत दुरुस्त होंगे

admin

नारद जयंती पर वीएसके फाउंडेशन ने किया श्रेष्ठ पत्रकारों को सम्मानित

Clearnews

राजस्थान में दालों के विक्रेताओं, मिल मालिकों, व्यापारियों और आयातकों को करनी होगी स्टॉक की घोषणा

admin