जयपुरताज़ा समाचार

डोटासरा ने महंगाई के विरोध में नहीं बोलने पर मंत्रियों की लगाई क्लास, कहा सब पर छापा नहीं डाल रही मोदी सरकार

जयपुर। देश में बढ़ती मंहगाई तथा पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाये जा रहे मंहगाई मुक्त भारत अभियान के तहत् आज राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में जयपुर स्थित सिविल लाईन्स फाटक पर कांग्रेस पार्टी द्वारा धरना दिया गया। महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ नहीं बोलने वाले मंत्रियों की कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जमकर क्लास लगाई। धरने में गहलोत सरकार के कई मंत्रियों ने भाषण नहीं दिया,जबकि धरने में आधा दर्जन से ज्यादा मंत्री मौजूद थे। भाषण सिर्फ खाद आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश, सार्वजनिक निर्माण मंत्री भजनलाल जाटव और आयुर्वेदिक राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने ही दिए।

इससे नाराज डोटासरा ने ऐसे मंत्रियों को सार्वजनिक रूप से जमकर फटकारा और कहा कि जिस तरह महंगाई बढ़ रही है, आम आदमी परेशान है, उसमें हम सबकी जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ जाती है। मैंने कई मंत्रियों से भाषण देने तो कहा, तो अंगुली हिलाने लग गए। यह अंगुली हिलाने का समय नहीं है। हमें मुखर होकर मोदी सरकार का विरोध करना होगा। मंत्रियों पर कोई इनकम टैक्स का छापा नहीं पड़ रहा है। मोदी सब पर छापा नहीं डाल रहे हैं। ऐसे में चिंता करने की जरूरत नहीं है।

डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की सरकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के आधार पर बनी है, जिसे जब भी मौका मिले बोलिए। गांव में बोलिए, सड़कों पर बोलिए, प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बोलिए। यह क्या बात हुई ? जोश होना चाहिए। आज आम आदमी पिस रहा है। गरीब सुसाइड कर रहा है। हम अंगुली हिलाएंगे तो हम अपनी जिम्मेदारी से भागने की चेष्टा करेंगे। जिम्मेदारी से भागने की आवश्यकता नहीं है।

डोटासरा ने कहा कि जहां 100 बुलाए, वहां 500 लोग लेकर आइए। तब तो मानेंगे कि आप और हम लोग राहुल गांधी-सोनिया गांधी के नेतृत्व में मोदी सरकार को हटाना चाहते हैं। जब वर्ष 2024 में हम मोदी सरकार को हटाने की बात कर रहे हैं तो संघर्ष करना पड़ेगा। आज महंगाई, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी जैसे बड़े मुद्दे हैं। इन मुद्दों पर बात करनी पड़ेगी। ऐसा समय लाना पड़ेगा कि लोग कहें कि मुझे बोलना था। बोलने का समय क्यों नहीं दिया। तब मोदी राज को हटाने में कामयाब होंगे। मैं आरएसएस के खिलाफ बोलता हूं और बोलता रहूंगा। आरएसएस के लोग कभी चुनाव नहीं लड़ते हैं। भाजपा के लोग चुनाव लड़ते हैं। आरएसएस के लोग भाजपा सरकार बनने के बाद पर्दे के पीछे राज करने की कुचेष्टा करते हैं। देश में माहौल गंदा करते हैं। अगर हम आज नहीं बोलेंगे, तो कभी नहीं बोल पाएंगे।

डोटासरा ने कहा कि जब तक मोदी सरकार के खिलाफ संघर्ष नहीं किया, लड़ाई नहीं लड़ी तो देश का इतिहास और आने वाली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी। मैं आप सबसे रिक्वेस्ट करना चाहता हूं। सब कार्यकर्ता नेता आएं उसका धन्यवाद, लेकिन हमें और ज्यादा संघर्ष करने की आवश्यकता है। गांव, ढाणी, मोहल्ले से लेकर हम जहां भी जाएं, महंगाई मुक्त भारत अभियान पर बोलना होगा। लोगों के सामने अपनी बात रखनी पड़ेगी।

Related posts

पुद्दुचेरी में कांग्रेस-डीएमके गठबंधन की सरकार गिरी, मुख्यमंत्री नारायणसामी ने दिया त्यागपत्र

admin

डिजीटल हुए महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल

admin

रक्तदान (blood donation) आधारित ऑनलाइन क्विज (quiz)प्रतियोगिता

admin