चुनावदिल्ली

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक साथ और झारखण्ड में 13 व 20 नवंबर को होगा मतदान

चुनाव आयोग ने नई दिल्ली में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की तिथियों की घोषणा की। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा और परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होगा। झारखण्ड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। वहां नक्सल समस्या को देखते हुए ऐसा फैसला किया गया है।
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में उपचुनाव की भी तारीखों की घोषणा की गयी। हालांकि, यूपी की 10 सीटों में से केवल 9 सीटों के लिए उपचुनाव की तिथियां जारी की गईं, जिनमें अयोध्या की मिल्कीपुर सीट शामिल नहीं है। इस पर आयोग ने बताया कि जिन सीटों के लिए तारीखों की घोषणा नहीं की गई, उनके मामले कोर्ट में लंबित हैं।
आयोग ने यह भी कहा कि 13 नवंबर को 47 विधानसभा क्षेत्रों और एक संसदीय क्षेत्र (वायनाड) में उपचुनाव होंगे, जो कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुआ था। इन उपचुनावों के परिणाम महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ 23 नवंबर को घोषित होंगे।
अयोध्या की मिल्कीपुर सीट भाजपा और समाजवादी पार्टी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई का प्रतीक बन गई है। वर्ष 2022 में, समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी लेकिन अब इस पर कानूनी विवाद के कारण चुनाव स्थगित है।
केंद्रीय चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी कि महाराष्ट्र में 6.33 करोड़ मतदाता चुनाव में हिस्सा लेंगे, जिसमें 1.85 करोड़ युवा मतदाता हैं। राज्य के 36 जिलों में 118,600 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे, जिनमें पीडब्ल्यूडी और महिला बूथ भी शामिल होंगे। मतदान के दौरान पोलिंग लाइन में बैठने के लिए कुर्सी या बेंच की भी व्यवस्था की जाएगी।
मुंबई में मतदान प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए चुनाव आयोग ने पोलिंग स्टेशन और सुविधाओं में सुधार किया है, साथ ही बुजुर्गों को घर से मतदान की सुविधा भी दी जाएगी। आयोग ने यह भी सुनिश्चित किया कि मतदान केंद्र की अधिकतम दूरी दो किलोमीटर से अधिक न हो।

Related posts

देश के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले अवैध प्रवासियों का सटीक डेटा एकत्र करना क्यों है असंभव ..केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को स्पष्ट किया

Clearnews

पीएम मोदी बोले- प्रोग्रामर भी थक जाएंगे,जब लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद झूमेगा शेयर मार्केट

Clearnews

पाकिस्तान, श्रीलंका के बाद अगला नंबर मालदीव का, ले डूबेगा चीन का कर्ज

Clearnews