जयपुर

त्रिपुर (Lion) को पसंद आई फ्रस्टी (Lioness), दोनों को चार-पांच घंटे रखा जा रहा साथ, जोड़ा बना तो जयपुर को मिलेगी सौगात

राजधानी जयपुर के नाहरगढ़ जैविक उद्यान में जन्मे शेर त्रिपुर को गुजरात से लाई गई शेरनी फ्रस्टी पसंद आ गई है। इनका जोड़ा अच्छा चला तो जयपुर को एक बार फिर शेर शावकों की सौगात मिल सकती है। इससे पहले त्रिपुर और उसके भाई-बहनों का जयपुर में जन्म हुआ था।

वन मंत्री सुखराम विश्नोई ने गुरुवार को नाहरगढ़ जैविक उद्यान का दौरा किया था। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने विश्नोई को बताया कि शेर त्रिपुर का गुजरात से आई शेरनी फ्रस्टी से जोड़ा बनाने की कवायद की जा रही है, जो सफल होती दिखाई दे रही है। फ्रस्टी के जयपुर आने के कुछ समय बाद से ही उसे शेर त्रिपुर के बाड़े में छोड़ा जा रहा है और वह दोनों साथ-साथ अच्छा समय बिता रहे हैं।

उद्यान के अधिकारियों का कहना है कि त्रिपुर और फ्रस्टी को रोजाना चार से पांच घंटे तक साथ रखा जा रहा है। इस दौरान उनका दोस्ताना व्यवहार दिखाई दिया है। दोनों के बीच अभी तक कोई झगड़ा नहीं हुआ है, जिसके चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि इन दोनों का जोड़ा बन जाएगा। दोपहर के भोजन के समय फ्रस्टी को उसके बाड़े में भेज दिया जाता है। कुछ समय बाद दोनों को एक ही बाड़े में भोजन दिया जाएगा और देखा जाएगा कि कहीं भोजन के लिए तो दोनों के बीच कोई झगड़ा नहीं होता है। लंबे समय तक यदि दोनों के बीच कोई झगड़ा नहीं होता है, तो ही माना जाएगा कि दोनों का जोड़ा सफल हो गया है।

अधिकारियों के अनुसार शेर त्रिपुर की उम्र 4 वर्ष है और फ्रस्टी 2 वर्ष की होने वाली है। फ्रस्टी को फरवरी में ही गुजरात के जूनागढ़ से जयपुर लाया गया है। अभी फ्रस्टी की उम्र थोड़ी कम है और करीब सात से आठ महीनों बाद दोनों की मेटिंग कराई जाएगी। इसके बाद जयपुर को शेर शावकों की सौगात मिल सकती है।

उल्लेखनीय है कि त्रिपुर वही शेर है जो कुछ महीने पहले कोरोना पॉजिटिव हो गया था। कोरोना संक्रमण की पुष्टि के लिए दो बार उसके नमूने जांच के लिए भेजे गए। अच्छी देखरेख और उपचार के बाद त्रिपुर बाद में नेगेटिव भी हो गया था।

Related posts

राजस्थान में नये तेल डिपो स्थापित होने पर कम हो सकती हैं पेट्रोल और डीजल की कीमतेंः धारीवाल

Clearnews

हैल्थ अकाउंट्स को संस्थागत करने वाला पहला राज्य होगा राजस्थान

admin

जयपुर नगर निगम ग्रेटर का 821.60 करोड़ रुपए का पहला बजट पेश

admin