जयपुर

अब सोशल मीडिया पर बरसे गहलोत, कहा सोशल मीडिया छवि धूमिल करने का काम कर रहा

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पण्डित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की। रामनिवास बाग स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं पीसीसी में आयोजित कार्यक्रम में भी वह शामिल हुए। इस दौरान गहलोत सोशल मीडिया पर जमकर बरसे। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए नेहरू की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश को अफसोसनाक बताया।

उन्होंने कहा- सोशल मीडिया छवि धूमिल करने का काम कर रहा हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से, जिस प्रकार से राहुल गांधी की छवि को डैमेज करने का षड्यंत्र किया गया। इसी प्रकार पंडित नेहरू की छवि को भी डैमेज करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। ऐसी हरकतों की हमने कल्पना भी नहीं की थी। हमें अंदाजा नहीं था कि इस मुल्क के सामने ऐसी शक्तियां भी आएंगी जो कभी शासन के अंदर इस तरह की हरकतें भी कर सकती हैं।

गहलोत ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए पंडित नेहरू के बारे में जो निम्न स्तर की बातें की गईं उससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है, उससे नई पीढ़ी को क्या प्रेरणा मिलेगी? सोशल मीडिया का दुरुपयोग करोड़ों-अरबों रुपए खर्च करके किया जा रहा है। दुष्प्रचार के लिए टीमें बैठी हुई हैं। पोस्ट पर नेगेटिव कमेंट्स करवाये जा रहे हैं।

गहलोत ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू अच्छे राजनेता ही नहीं बल्कि अच्छे प्रशासक भी थे। देश को आज भी नेहरू के विजन की जरूरत है। देश में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। उनके आदर्शों और कार्यों को जीवन में उतार कर उनके पथ पर चलने की जरूरत है। उन्होंने बड़े-बड़े बांध, कल-कारखाने, साइंटिफिक संस्थाएं बनाईं, एम्स जैसी इंस्टीट्यूट बनाई। पंचशील का सिद्धांत वो लेकर आए, वो बहुत बड़े मानवतावादी थे। दुनिया में उनका एक अलग तरह का ओरा था, उनका सम्मान पूरे देश-दुनिया के अंदर था। प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उनका योगदान कोई भूल नहीं सकता है।

गहलोत ने कहा कि आप राजनीतिक अटैक करो, विचारधारा के आधार पर अटैक करो हमें कोई दिक्कत नहीं है, परंतु आप अगर व्यक्तिगत आक्षेप लगाओ, व्यक्तिगत जीवन के ऊपर अगर आप षड्यंत्र करके डैमेज करो, मैं समझता हूं कि ये शोभा नहीं देता है किसी भी पार्टी को, किसी भी नेता को, मेरा मानना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत मंत्री महेश जोशी, सुभाष गर्ग, सुखराम बिश्नोई, भजन लाल जाटव, गोविन्द राम मेघवाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

Related posts

भीषण गर्मी और कोविड के बाद आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि से राजस्थान में बिजली की खपत में वृद्धि और आपूर्ति बाधित

admin

राजस्थान में स्थापित होगा सेंटर फॉर साइबर सिक्योरिटी, काउंटर टेरेरिज्म एंड एंटी-इन्सर्जेंसी

admin

जयपुर में ‘निर्भया कांड’… म्यूजिक बजाकर चलती बस में युवती से गैंग रेप: एक गिरफ्तार, चालक फरार

Clearnews