जयपुरताज़ा समाचार

तीसरे राउंड में ही 5.77 लाख वोट लेकर देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू

सिन्हा को मिले 2.61 लाख वोट

जयपुर। एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू देश की 15 वीं राष्ट्रपति होंगी। मुर्मू को 25 जुलाई को शपथ दिलाई जाएगी, क्योंकि वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। मुर्मू देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। गुरुवार को सुबह 11 बजे से शुरू हुई काउंटिंग में मुर्मू ने विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को तीसरे राउंड में ही हरा दिया। मुर्मू को जरूरी इलेक्टोरल वोट का 50 फीसदी मत तीसरे राउंड में ही मिल गया।

राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल पीसी मोदी के मुताबिक, दोपहर 2 बजे सांसदों के वोटो की गिनती पूरी हुई। इसमें द्रौपदी मुर्मू को 540 वोट मिले। इनकी कुल वैल्यू 3 लाख 78 हजार रही। यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों के वोट मिले। जिनकी वोट वैल्यू 1 लाख 45 हजार 600 है। सांसदों के कुल 15 वोट रद्द हो गए। वहीं सूत्रों के मुताबिक, 17 सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की है।

पहले 10 राज्यों की गिनती में भी मुर्मू और सिन्हा के बीच आंकड़ों का लंबा अंतर दिख रहा है। इन राज्यों में कुल 1138 वैलिड वोट थे, जिनकी वैल्यू 1 लाख 49 हजार 575 है। इनमें मुर्मू को 809 वोट मिले। इनकी वैल्यू 1 लाख 5 हजार 299 है। वहीं यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिलें, जिनकी कुल वैल्यू 44 हजार 276 है।

इन 10 राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और झारखंड के अलावा आंध्र प्रदेश के वोट शामिल हैं। इनमें 7 राज्यों में भाजपा और गठबंधन की सरकारें हैं। वहीं झारखंड और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकार है। आंध्र प्रदेश में जगनमोहन रेड्‌डी सीएम हैं, जिन्होंने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया था।

इधर, काउंटिंग के बीच द्रौपदी मुर्मू के गांव में जश्न शुरू हो गया है। लोग ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के जरिए मुर्मू की जीत के आधिकारिक ऐलान का इंतजार कर रहे हैं। ओडिशा के रायरंगपुर में मुर्मू के गांव और ससुराल में लड्‌डू भी बनकर तैयार है।

शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, धर्मेंद्र प्रधान समेत लगभग सभी भाजपा के बड़े नेता मुर्मू के निवास पर पहुंचे और उन्हें जीत की बधाईयां दी।

Related posts

रीट पेपर लीक पेपर प्रकरण पर राजनीति ना होः गहलोत

admin

टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympic): 121 सालों बाद एथलेटिक्स (Athletics) में भारत के लिए नीरज चौपड़ा ने भाला फेंक (Javelin throw) में जीता स्वर्ण और बजरंग ने कुश्ती में जीता कांस्य पदक

admin

भरतपुर सांसद (Bharatpur MP) रंजीता कोली पर हमला, राज्य सरकार (State Government) पर हमलावर पूर्व सीएम (Ex CM) वसुंधरा राजे बोलीं, ‘जहां सांसद सुरक्षित नहीं, वहां आम आदमी का क्या होगा..’

admin