धर्म

मकर संक्रांति (14 जनवरी) पर अलग-अलग राशि के जातकों पर प्रभाव और वे क्या और किसे दान करें..

अरुण माथुर, प्रख्यात ज्योर्विद्

पौष शुक्ल 1 गुरुवार, 14 जनवरी को प्रातः 8:15 बजे सूर्य देव मकर राशि में प्रवेश (संक्रांति) करेंगे। मकर संक्रांति का पुण्यकाल सूर्योदय से संपूर्ण दिन रहेगा। सन् 2021 में मकर संक्रांति, सिंह पर सवार होकर वैश्य के घर मे प्रवेश कर रही हैं। संक्रांति के समय बव करण रहेगा। सभी प्रकार के वाहन, वस्त्र, धान्य आदि में यह माह सामान्य रहेगा। विज्ञानियों, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों को अपने कार्य में नयी सफलताएं प्राप्त होंगी। आतंकी घटनाओं, लूटपाट इत्यादि में वृद्धि होगी। इस वर्ष महंगाई बढ़ेगी। स्वर्ण, चांदी व घी के दाम में बढ़ोतरी होगी।

मकर संक्रांति पर स्नान पश्चात दान का विशेष महत्व होता हैष

मकर संक्राति पर सूर्य देवता उत्तरायण आते हैं। इस दिन स्नान पश्चात दान का विशेष महत्व होता है। इसी संदर्भ में हम बता रहे हैं कि किन राशियों पर संक्राति का क्या प्रभाव रहेगा और उन राशि वाले जातकों को किसे और किस प्रकार के दान के क्या उपाय करने चाहिए।

मेष

मेष राशि वालों के लिए यह संक्रांति शुभ फलदायक होगी। नयी नौकरी के योग बनेंगे। संक्रांति के दिन किसी सफाई कर्मचारी को लाल मसूर की दाल तथा तिल के लड्डू का दान करें। 

वृषभ

वृषभ राशि वालों के लिए यह संक्रांति अतिशुभ फलदायक है। विदेश यात्रा, विवाह और अचानक धन प्राप्ति होने का योग है। बहन, बेटी या बुआ  को कोई वस्त्र या चांदी का आभूषण भेंट करें।

मिथुन

आपके लिए यह वर्ष सामान्य फलदायक है। आपको अत्यधिक मेहनत करनी पड़ेगी। मानसिक अशांति रहेगी। पेट की बीमारी का योग है किंतु अच्छे विद्वानों की संगति प्राप्त होगी। मान-सम्मान पर कोई आंच नहीं आएगी किसी विद्वान ब्राह्मण को वस्त्र व पंचांग भेंट करें।

कर्क

यह वर्ष उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। अप्रेल बाद परिवर्तन अवश्य होंगे। खर्चों के साथ शत्रु भी बढ़ेंगे। राजकीय कार्यों में सतर्कता बरतें। विदेशी व्यापार या विदेशी व्यक्ति द्वारा धन प्राप्ति के योग हैं। संक्राति पर गाय को भीगे चने व गुड़ खिलाएं व पितरों का तर्पण करें।

सिंह

यह वर्ष मिश्रित फलदायक रहेगा। मेहनत अनुसार फल प्राप्त होंगे और आत्मसंतुष्ट रहेगी। निकटतम व्यक्ति के वियोग से मन अप्रसन्न रहेगा। खर्चों में वृद्धि रहेगी। किसी विद्वान पंडित से विष्णुसहस्त्रनाम का पाठ करवाएं, पिता या पिता समान किसी व्यक्ति को केसरिया, लाल या पीला वस्त्र भेंट करें।

कन्या

इस राशि वालों को भाइयों व मित्रों से अच्छा सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। बनते कार्य में रुकावट से मन विचलित रहेगा। कार्य परिवर्तन से पूर्व अनेक बार विचार करें। मां दुर्गा का पूजन करें। दुर्गासप्तशती का पाठ करें। जरूरतमंद को वस्त्र दान करें और पितरों का पूजन-तर्पण करें।

तुला

इस वर्ष आपको मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ सकता है। संतान को कष्ट हो सकता है। किसी विवाद में फंस सकते हैं। राजकीय दण्ड लग सकता है। अप्रेल से स्त्री या संतान पक्ष से सुखद फल प्राप्त होंगे। बेटी या पत्नी को वस्त्र भेंट करें। घर आने वाली गाय को हरा चारा या हरी सब्जी खिलाएं।

वृश्चिक

इस वर्ष आपको नये कार्य की रूपरेखा बनाने का मौका मिलेगा। कार्यों में रद्दोबदल होगा। अर्थलाभ के साथ मांगलिक कार्यों में समय व्यतीत होगा। नेत्र पीड़ा से बचें। गुप्त शत्रु से सावधान रहें। राहु-केतु के लिए ग्रहशांति कराएं।

धनु

इस वर्ष किसी निकटतम व्यक्ति से अनबन होने के कारण मन विचलित रहेगा। घरेलू विवाद से बचें। आप अत्यधिक व्यय से परेशान रहेंगे। बीमारी में पैसा खर्च होने का योग है। अत्यधिक क्रोध के कारण नुकसान होने की आशंका है। गुरुजन या ब्राह्मण को वस्त्र, पंचांग, या कोई पुस्तक भेंट करें।

मकर

इस वर्ष कारोबार में किसी नये कार्य की संभावना बन सकती है। किसी भी विवाद में या पारिवारिक उलझनों में फंसने से बचें। धर्म-कर्म में मन लगाएं। किसी मित्र से विवाद हो सकता है। हनुमान जी महाराज को चोला चढ़ायें और गरीबों को गुड़-चना बांटें।

कुंभ

आपको इस वर्ष अत्यधिक सतर्क रहने की जरूरत है। खुशियां तो बहुत मिलेंगी किंतु अत्यधिक अर्थ व्यय बचना होगा। अग्नि से सावधानी रखें और वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें। शिव-पार्वती की पूजा करें तथा किसी बुजुर्ग महिला को साड़ी भेंट करें।

मीन

विद्यार्थियों के लिए यह वर्ष श्रेयस्कर है। विद्या संबंधी कार्यों मे सफलता मिलेगी। व्यापारियों को नये कार्य का अवसर मिलेगा। दाम्पत्य जीवन सुखद रहेगा। पेट संबंधी बीमारियों से बचने का प्रयास करें। वर्ष के मध्य में साझेदारों से बचें। रामचरित का पाठ करें तथा राहु-केतु के जाप करें।

Related posts

रंग बिरंगे फूलों से सजकर श्याम बाबा ने नीले घोड़े पर सवार हो किया खाटू भ्रमण, सात लाख श्रद्धालुओं का जमावड़ा

Clearnews

अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों संपन्न !

Clearnews

रक्षाबंधन पर रोडवेज में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा

admin