जयपुरप्रशासन

गोगामेड़ी की हत्या के आरोपी रोहित सिंह के घर पर चला बुलडोजर

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के आरोपियों पर एक्शन शुरू हो गया है। हत्या में शामिल रहे शूटर रोहित सिंह राठौड़ के खातीपुरा स्थित मकान के अवैध निर्माण पर गुरुवार को बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची थी।
नगर निगम ग्रेटर की विजिलेंस टीम को जानकारी मिली कि शूटर रोहित सिंह राठौड़ ने खातीपुरा इलाके में अवैध कब्जा कर रखा है। इस पर रोहित सिंह राठौड़ के खातीपुरा की सुंदरवन कॉलोनी में स्थित मकान के बाहर कार्रवाई की गई। रोहित ने खातीपुरा स्थित सुंदर नगर में प्लॉट संख्या 11 के बाहर सड़क पर अवैध निर्माण किया हुआ था। यहां बाउंड्री वॉल और कोठरीनूमा स्ट्रक्चर बना हुआ था।
पहले नोटिस जारी किया गया, फिर एक्शन लिया
शिकायत मिलने के बाद पहले नगर निगम की टीम ने मौके पर जांच की। जांच में अतिक्रमण पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए उसे हटाने के लिए समय दिया। नोटिस जारी करने के बाद गुरुवार दोपहर 2 बजे नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के जरिए बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया। साथ ही, बने स्ट्रक्चर और गार्डन को तोड़कर सड़क की जमीन खाली करवाई गई।
शूटर की संपत्ति के बारे में अधिकारियों को जांच के लिए कहा था- दिनेश एमएन
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया- गोगामेड़ी की हत्या करने वाले शूटर की संपत्ति के बारे में अधिकारियों को जांच के लिए कहा था। इसके बाद उसकी प्राॅपर्टी की जांच की गई थी। दरअसल, जयपुर में 5 दिसंबर को दोपहर करीब 1ः03 बजे 2 बदमाशों रोहित राठौड़ और नितिन फौजी ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। फिर भाग निकले थे। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
गोगामेड़ी का गार्ड भी गंभीर घायल
गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। बदमाशों की फायरिंग में नवीन शेखावत की भी मौत हो गई थी। नवीन ही बदमाशों को गोगामेड़ी के घर ले गया था। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान अजीत की भी मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने कुल 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। सभी अजमेर जेल में बंद हैं। वहीं, आरोपियों की मदद करने वाली युवती को भी गिरफ्तार किया गया था।

Related posts

राजस्थान के दोनों टेनिस संघ आए साथ, चुनाव में शिवपुरी अध्यक्ष और राजीव बने सचिव

admin

मेहंदीपुर बालाजी (Mehandipur Bala ji) के महंत (Mahant) किशोरपुरी महाराज का निधन, देश भर में शोक की लहर

admin

राजस्थान (Rajasthan) में बेमौसमी बारिश (unseasonal rains) से फसलों (crops) में नुकसान की होगी विशेष गिरदावरी (Girdawari)

admin