जयपुर

रंधावा के दावे के बाद राजस्थान कांग्रेस हरकत में, की 100 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति

75 फीसदी ब्लॉक अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां अभी भी बाकी

जयपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कुछ दिनो पूर्व दावा किया था कि एक—दो दिनों में संगठन में नियुक्तियां कर दी जाएगी। रंधावा के इस दावे के बाद राजस्थान कांग्रेस हरकत में आई है, लेकिन प्रदेश प्रभारी के दावे को अभी भी पूरा नहीं कर पाई है। प्रदेश कांग्रेस ने ढाई साल से खाली चल रहे संगठन के पदों पर अब नियुक्तियां शुरू कर दी हैं। शुरुआत ब्लॉक अध्यक्षों से की गई है। कांग्रेस ने 100 ब्लॉक अध्यक्षों के पदों पर नियुक्तियां की हैं। इसमें सभी खेमों को साधने का प्रयास किया गया है।

कहा जा रहा है कि इसी वर्ष के अंत में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं का टोटा नहीं पड़ जाए, इसलिए यह नियुक्तियां की जा रही है। कुछ समय पूर्व गुजरात विधानसभा चुनावो में भी कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं का भारी टोटा था, जिसका खामियाजा कांग्रेस को सीटें गवांकर भुगतना पड़ा था। राजस्थान में भी कांग्रेस कार्यकर्ता काफी नाराज बताए जा रहे हैं, क्योंकि न तो उन्हें राजनीतिक नियुक्तियों में जगह मिली और न ही संगठन में। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भगदड़ की स्थिति बनी हुई है। इसी को भांपते हुए संगठन में नियुक्तियों में तेजी दिखाई जा रही है।

ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद इसी सप्ताह जिलाध्यक्षों और बचे हुए 300 ब्लॉक के अध्यक्षों की नियुक्ति होनी है।
नियुक्तियों में विधायकों की राय को तवज्जो दी गई है। ज्यादातर जगह मंत्री-विधायकों के खास नेताओं को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। इसमें बड़े नेताओं के नजदीकियों की भरमार है। टोंक में दोनों ब्लॉक अध्यक्ष सचिन पायलट समर्थक नेताओं को बनाया गया है। ढाई साल बाद कांग्रेस ने पूरे ब्लॉक अध्यक्ष नहीं बनाए हैं। बताया जाता है कि 300 बचे हुए ब्लॉकों में विवाद की आशंका को देखते हुए फिर से विचार किया जा रहा है। पहले जिलाध्यक्ष भी केवल 13 ही बनाए थे।

मुख्यमंत्री सहित 23 मंत्रियों के इलाकों में ब्लॉक अध्यक्ष बना दिए हैं, लेकिन अब भी सात मंत्रियों के इलाकों में ये पद खाली हैं। 25 सितंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक का बहिष्कार करने के मामले में नोटिस वाले दोनों मंत्रियों- शांति धारीवाल और महेश जोशी के क्षेत्रों में भी ब्लॉक अध्यक्ष नहीं बनाए हैं।

Related posts

सीकर में भूकंप के झटके, 3.8 रही तीव्रता

admin

जयपुर के मालवीय नगर में जवाहर सर्किल के निकट रात करीब साढ़े 8 बजे गोल्ड सूक शॉपिंग मॉल में लगी भीषण आग, दमकलों के जरिये काबू के प्रयास जारी

admin

अस्पताल की श्रेणी में देश के सबसे ऊंचे आईपीडी टावर का शिलान्यास 5 अप्रैल को

admin