जयपुरराजनीति

यूपी में प्रियंका (Priyanka) की गिरफ्तारी(arrest) के विरोध में कांग्रेस (Congress) ने जयपुर (Jaipur) में निकाला मार्च

मुख्यमंत्री गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका (Priyanka) गांधी की गिरफ्तारी (arrest) के विरोध में जयपुर (Jaipur) में मंगलवार, 5 अक्टूबर को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से राजस्थान प्रदेश कांग्रेस (Congress) कमेटी (PCC) मुख्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। पीसीसी मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित किया। इसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल हुए।

रैली में उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी, चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक शकुंतला रावत, मुख्य सचेतक महेश जोशी, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जयपुर शहर कांग्रेस के नेता कार्यकर्ता शामिल हुए।

जयपुर के साथ सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर ऑफिस के बाहर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा और मृतकों के परिवारों से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी के साथ हुई बदसलूकी और उनकी गिरफ्तारी से कांग्रेस आक्रोश में है। एआईसीसी के निर्देश पर देशभर के अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस ने इस तरह के प्रदर्शन किए।

कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को किसानों के मुद्दे पर घेरा। पार्टी के नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रियंका गांधी को रिहा करने की मांग रखी। प्रदेश के सभी जिलों में डीएम को पीएम के नाम ज्ञापन सौंपने का भी कार्यक्रम रखा गया।

पीसीसी के बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि साल भर से किसान आक्रोशित हैं। कभी तमिलनाडू का किसान आता है और प्रदर्शन करता है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। हरियाणा में किसानों पर लाठीचार्ज होता है लेकिन कोई परवाह नहीं करता। जब से मोदी सरकार आई है, तब से उन्होंने फासिस्ट, सांप्रदायिक रुख अख्तियार कर रखा है, उससे देश के लोग समझ चुके हैं कि आने वाला समय देश में कैसा हो सकता है। लखीमपुर में तो हद हो गई। आठ लोग मारे गए लेकिन कोई गिरफ्तार नहीं हुआ। प्रियंका जी ने घटना का वीडियो जारी किया है।

वक्त आ गया है कि आम जनता को उठ खड़ा होना पड़ेगा। लोगों का मोदी के प्रति भ्रम टूट गया है। आज मोदी जी मन की बात कर रहे हैं, लेकिन 2024 में जनता अपने मन की बात करते हुए ठप्पा लगाएगी। मोदीजी लोगों को गुमराह करते हैं और उनका ग्राफ नीचे आ रहा है। वह कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी भी मोदी की तरह काम कर रहे हैं। उनका तरीका भी धमकाने डराने का है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने उत्तर प्रदेश सरकार पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि लखीमपुर खीरी में प्रियंका गांधी को सरकार के इशारे पर पुलिस ने किडनैप किया। कांग्रेस नेता दीपेन्द्र हुड्‌डा को मुक्के मारे और प्रियंका गांधी को ऐसी जगह पर पुलिस वाले गिरफ्तार करके ले गए, जहां न टॉयलेट है, न पानी और सफाई है।

डोटासरा ने प्रदर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से रूबरू होकर कहा कि लखीमपुर खीरी में एक केन्द्रीय मंत्री के बेटे ने किसानों को अपनी गाड़ी से कुचलकर मार दिया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव किसानों की आवाज बनकर वहां जा रही थीं लेकिन बिना किसी वारंट और कानून के पुलिस ने उन्हें रोका, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। उनके महिला होते हुए भी कानून तोड़ते हुए पुलिस के पुरूष अधिकारियों ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया। किडनैप करके उन्हें दूसरी जगह ले जाया गया। पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले पर कुछ बोल नहीं रहे हैं।

Related posts

मानव जीवन अमूल्य, सड़क सुरक्षा सबकी साझी जिम्मेदारी

admin

निरोगी राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश में 8 राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना

Clearnews

राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस पर बना अनूठा विश्व रिकॉर्ड, स्कूलों में एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों ने किया ’संविधान की उद्देशिका और मूल कर्तव्यों’ का वाचन

Clearnews