चुनावजयपुर

राजस्थान में महिलाएं सुरक्षित नहीं इसलिए उखाड़ फेंकें ऐसी सरकारः पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार मोदी को गाली देती है। केन्द्र की योजनाओं को रोकने का काम करती है। उन्होंने कहा घमंडिया गठबंधन को भी कहूंगा कि गांधी जयंती पर नहीं अपने जन्मदिन, अपने बच्चों के जन्मदिन या अपने नेताओं के जन्मदिन पर स्वच्छता अभियान चलाओ।
यह लोग स्वच्छता पर राजनीति कर रहे है। हमने डंके की चोट पर गारंटी दी है। भाजपा सरकार आएगी और भयमुक्त वातावरण लाएगी। केन्द्र की भाजपा सरकार में बीते नौ सालों में सीधे लाभार्थियों के खाते में राशि पहुंचाई। बिचैलियों और भ्रष्टाचारियों को रास्ते से हटाया। कांग्रेस जान-माल की हिफाजत नहीं कर पाई, महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर पाई। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है।
उदयपुर हत्याकांड का जिक्र
उन्होंने उदयपुर में कन्हैयालाल के साथ हुए जघन्य हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि कपड़े सिलाने के बहाने लोग आते है और टेलर का गला काटकर चले जाते है। उसका वीडियो बनाते है और गर्व से वायरल कर देते हैं। गहलोत सरकार ने राजस्थान की वीर भूमि की कैसी तस्वीर देश के सामने रखी है। सोचकर भी शर्म आती है। कब दंगे भड़क जाएं और कब कर्फ्यू लग जाए, यह कहा नहीं जा सकता। यहां विकास विरोधी माहौल को बदलना है इसलिए लोग कह रहे हैं भाजपा आएगी। भीलवाड़ा में हुए गैंगरेप समेत राजस्थान में कई महिला अत्याचार केस भी पीएम मोदी ने सम्बोधन में जिक्र किया।
यह मोदी की गारंटी है
पीएम मोदी ने कहा कि जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, गरीबों का पैसा लूटा है उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी। यह मोदी की गारंटी है। राजस्थान के नौजवानों मुझ पर भरोसा रखना। पेपर लीक माफिया को पाताल से भी लाकर हिसाब लिया जाएगा।
वसुंधरा के नमस्ते का जवाब नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने मंच पर हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री मोदी को नमस्कार किया लेकिन मोदी ने उसका कोई जवाब न देकर आगे बढ़ गए। इस दौरान उन्होंने श्रीचन्द्र कृपलानी से चर्चा की। मोदी ने राजस्थान की जनता से कहा है पार्टी का एक ही चेहरा कमल, उम्मीदवार भी कमल, कमल खिलाएंगे भाजपा को जिताएंगे। यह संकल्प राजस्थान की जनता ले लिया है। मोदी करीब 40 मिनट बोले। इससे पहले 9 मिनट का उद्धाटन भाषण 7200 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करने के दौरान दिया था।
आप सब मेरे दिल में रहते हैं
पीएम मोदी ने मेवाड़ की धरती को नमन किया। उन्होंने कहा कि पंडाल छोटा पड़ गया। जितने पंडाल में उससे कई ज्यादा बाहर है। लेकिन मोदी का दिल बड़ा है। आप सब मेरे दिल में रहते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने आहवान कर दिया है। राजस्थान बचाएंगे भाजपा को लाएंगे। राजस्थान में कांग्रेस ने पांच साल केवल कुर्सी बचाने में लगा दिया। राजस्थान की साख को तबाह कर दिया। राजस्थान अपराध में अव्वल है।
सरकार बचाने में लगे रहे गहलोत
कांग्रेस ने भ्रम में डालकर जनता को मूर्ख बनाया और सरकार बना ली। सीएम गहलोत पांच साल उठते, बैठते, जागते और सोते केवल कुर्सी बचाने में लगे रहे और कांग्रेस के आधे विधायक कुर्सी गिराने में। जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया। कांग्रेस ने पांच साल में राजस्थान को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हर भ्रष्टाचारी, दंगाई, पत्थरबाज, माफिया अपने को राजस्थान की सरकार मानकर बैठा। मेवाड़ की आवाज है, राजस्थान में भाजपा आएगी गुंडागर्दी, दंगाई, पत्थरबाजी बेईमानी खत्म करेगी। महिला सुरक्षा की गारंटी देगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं बंद नहीं करने की गारंटी
मुख्यमंत्री गहलोत अब अपने भाषण में कहने लगे हंै भाजपा सरकार बनने के बाद उनकी योजनाओं को बंद नहीं किया जाए। मोदी ने कहा कि गहलोत अपनी पराजय को स्वीकार कर चुके हैं। मैं उनका आभार जताता हूं। गहलोत ने ईमानदारी से कहा है तो मोदी आपसे ज्यादा ईमानदार है। जनकल्याणकारी योजनाओं बंद नहीं करने की मोदी गारंटी देता है। बल्कि इन योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री गहलोत को दिया धन्यवाद
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईमानदारी से हार स्वीकार कर ली है। उसके लिए उन्हें धन्यवाद। गहलोत कह रहे हैं कि भाजपा की सरकार आए तो जो योजनाएं कांग्रेस ने चलाई है, उसे बंद नहीं करें। मोदी ने कहा कि अब तक खान माफिया की बात सुनते थे। लेकिन राजस्थान में अब तो पेपरलीक के माफिया भी पनप गए हैं। इन माफियों को सजा दिलाने का काम भाजपा सरकार करेगी। राजस्थान की सरकार जनता को धोखा देने में जुटी है। लेकिन जनता धोखा खाने वाली नहीं है। कई घोषणाएं तो कर दी, लेकिन चार साल पहले कहां थे। क्या कुर्सी बचाने का काम कर रहे थे।
खुली जीप में पहुंचे सभास्थल
सोमवार सुबह खुली जीप में सभा स्थल पहुंचे। पंडाल में जितनी भीड़ थी, उससे कई गुना भीड़ बाहर थी। मोदी ने कहा पंडाल छोटा पड़ गया, लेकिन आप सभी में मेरे दिल में बसे हुए हैं। उन्होंने सभी को क्षमा याचना करते हुए कहा कि सभा स्थल भी छोटा पड़ गया। राजस्थान देश में अपराध के नाम से जाना जाने लगा है। पत्थरबाजी में भी राजस्थान आगे है। क्या पांच साल पहले इसलिए कांग्रेस को वोट दिया था। ऐसी सरकार को रहना चाहिए क्या ! एक दिन भी रहनी चाहिए क्या ! राजस्थान में ऐसी सरकार चलेगी क्या? राजस्थान कह रहा है कि भाजपा आएगी। गुंडागर्दी जाएगी। भाजपा आएगी, दंगे रुकवाएगी। भाजपा आएगी बेइमानी रुकवाएगी। भाजपा आएगी, रोजगार लाएगी।
7200 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
इससे पहले मोदी चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित सांवलिया दरबार में पहुंचे। वहां भगवान सांवलिया सेठ के दर्शन के बाद 7200 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर देश को समर्पित किया। लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान करीब 9 मिनट मोदी ने सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि इन लोकार्पण और शिलान्यास से देश का विकास आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान के पास अतीत की विरासत और भविष्य की सम्भावना है।
राजस्थान का विकास प्राथमिकता में
उन्होंने कहा कि नाथद्वारा और खाटू श्याम सर्किट बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मोदी ने कहा कि राजस्थान का विकास भारत सरकार के लिए प्राथमिकता में है। उन्होंने हाल ही में शुरू हुई उदयपुर-जयपुर वंदे भारत ट्रेन का भी जिक्र किया। मोदी उसके बाद खुली जीप में सभास्थल के लिए रवाना हो गए, जहां पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत किया गया। इस दौरान सभास्थल पर मोदी-मोदी नारे लग रहे थे।
पुजारी ने किया स्वागत, जोशी ने भेंट की तस्वीर
इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को सांवलिया सेठ के मंदिर पहुंचने पर पुजारी ने स्वागत किया। उनके हाथ पर लच्छा बांधा। इस दौरान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने पीएम मोदी को सांवलियाजी की तस्वीर भेंट की। इस दौरान भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे तथा केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल साथ थे।

Related posts

अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम जयपुर हैरिटेज की कार्रवाई, परकोटे के प्रमुख बाजारों से हटाये अस्थायी अतिक्रमण

Clearnews

मस्जिदों पर लगे अवैध लाउडस्पीकर को हटवाने के लिए सौंपा ज्ञापन

admin

नगर निगम जयपुर हैरिटेज 20 थ्री इन वन सीवर जेटिंग मशीनों से मजबूत करेगा सीवर सिस्टम, सीवर सफाई के लिए अत्याधुनिक मशीनें उपयोग करने वाला देश का तीसरा शहर बना जयपुर

admin